कुंभ में डेढ़ लाख आंखों को मिलेगी नई रोशनी! धामी ने बताया नेत्र कुंभ का बड़ा संकल्प

16
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ सामाजिक समरसता का महापर्व है। कुंभ का आयोजन भव्य, दिव्य और सुरक्षित हो, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटी है। नेत्र कुंभ सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सराहनीय प्रयास है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक आंखों की जांच और उपचार की सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देवताओं की सबसे निकटस्थ भूमि है और यहां किए गए सेवा एवं धर्म के कार्यों का विशेष महत्व है। हरिद्वार में आयोजित होने जा रहे नेत्र कुंभ में आयोजकों ने डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की आंखों की जांच का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग अपनी आंखों की जांच तक नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक नेत्र जांच की सुविधा पहुंचाने के लिए सक्षम संस्था की ओर से चलाया जा रहा अभियान सराहनीय है।

धामी ने कहा कि किसी जरूरतमंद को चश्मा मिलने से वह दोबारा अखबार पढ़ सकेगा और अपने रोजमर्रा के काम आसानी से कर पाएगा। इससे न केवल उसकी कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि आत्मविश्वास भी लौटेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कुंभ की सफलता केवल व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि इस बात से भी तय होगी कि श्रद्धालुओं को कितनी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक एवं मुख्य वक्ता महेंद्र कुमार ने कहा कि कुंभ का संबंध स्वास्थ्य और कल्याण से भी है। सेवा के माध्यम से समाज के लोगों का स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जो आर्थिक और अन्य कारणों से अपना स्वास्थ्य बेहतर नहीं रख पाते। ऐसे लोगों की मदद करना हम सभी का कर्तव्य है। सेवा किसी पर उपकार करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना है।