उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों के बीच अपनी ताकत बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। हल्द्वानी में रविवार को समाजवादी पार्टी ने सदस्यता अभियान के जरिए अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाई। कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों से जुड़े 124 लोगों ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व पार्षद महबूब आलम भी शामिल रहे।
आज़ाद नगर स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी की मौजूदगी में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अब्दुल रऊफ, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद सुल्तान, रईस मियां, मोहम्मद रफी, आरिफ खान, आकीब मिकरानी और हम्माद मिकरानी समेत अन्य लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा सरकारों की नीतियों से जनता में नाराजगी है और लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की नीतियों और उत्तर प्रदेश के घोषणा पत्र से प्रभावित होकर उत्तराखंड में भी लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सपा अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार, किसानों की कर्जमाफी, कन्या के जन्म पर 10 ग्राम सोना, बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा, इंटर पास विद्यार्थियों को लैपटॉप और बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान दिलाने का भी संकल्प लिया गया है। उत्तराखंड में अवसर मिलने पर इन योजनाओं को लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान जावेद सिद्दीकी, दीपक अग्रवाल, उमैर मतीन, अरशद अय्यूब, गौरव गुप्ता, जुबैर खान, राजू सिद्दीकी, संजय कुमार, इमरान मिकरानी, मोहम्मद इकबाल, फैजान अंसारी, फरहत सिद्दीकी, नईम सैफी, अशरफ खान, वसी सलमानी, जिशान कुरैशी, बब्लू, अनवर कुरैशी, नासिर सिद्दीकी और मोहम्मद अमरुद्दीन सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




Subscribe Our Channel










