उत्तराखंड के हरिद्वार में देर रात एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। श्रीराम मंदिर के सामने स्थित एक ई-रिक्शा दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंद दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जो देखते ही देखते इतनी तेज़ हो गई कि पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर खड़े कई ई-रिक्शा आग में जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही चार्जिंग स्टेशन में भी आग फैलने की आशंका जताई जा रही है।
धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे उनके प्रयास नाकाम रहे। इस बीच सूचना मिलने पर दुकान मालिक भी मौके पर पहुंचा, जहां अपनी दुकान की हालत देखकर वह भावुक होकर रो पड़ा।
सूचना पर मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय खड़खड़ी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा सारा सामान और कई ई-रिक्शा जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
यह इलाका घनी आबादी वाला है और हरकी पैड़ी के पास होने के कारण यहां रोजाना श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।



Subscribe Our Channel











