उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शरारती तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग के B ब्लॉक में स्थित महिला शौचालय में अज्ञात लोगों ने घंटों तक उत्पात मचाया और वॉश बेसिन, नल की टोंटियां तथा शीशों को नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात की बताई जा रही है। शरारती तत्व शौचालय के अंदर घुसे और वहां लगे वॉश बेसिन के ऊपर से नल की टोंटियां निकाल लीं। इसके अलावा कई जगह शीशे और अन्य सामान भी तोड़ दिए गए। यह घटना कई घंटों तक चलती रही, लेकिन सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घटना का खुलासा सुबह तब हुआ जब अस्पताल कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला शौचालय में कई वॉश बेसिन टूटे हुए पड़े थे और सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद तुरंत अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।
दून अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. वरुण मित्तल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस को शिकायत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्व थे या फिर कोई नशे की हालत में व्यक्ति अस्पताल परिसर में घुसा था। साथ ही, सुरक्षा में लापरवाही की भी समीक्षा की जा रही है और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। सभी सुरक्षा कर्मियों को 24 घंटे निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल, पुलिस और अस्पताल प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



Subscribe Our Channel











