हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक चोरी करने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी की गई मोटरसाइकिल को नेपाल में बेचे जाने का खुलासा हुआ है।
घटना की शुरुआत 1 मई को हुई, जब विशांत टम्टा निवासी हल्दूचौड़, लालकुआं ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बजाज पल्सर (UK04AR-5342) मोटरसाइकिल 29 अप्रैल को सुशीला तिवारी अस्पताल गेट के सामने से चोरी हो गई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एफआईआर संख्या 142/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में दी गई, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध एक स्कूटी (UK06BB-4103) पर घूमते दिखाई दिए। फुटेज में एक आरोपी द्वारा मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया।
तकनीकी सर्विलांस और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने 3 मई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलवीर सिंह (55 वर्ष), निवासी बिजली कॉलोनी नानकमत्ता और संजय कालरा (38 वर्ष), निवासी आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गई बाइक को उन्होंने नेपाल में बेच दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल (UK04 AA-4778) भी बरामद की, जो पहले दर्ज एक अन्य मामले से जुड़ी है और बनभूलपुरा क्षेत्र से मिली।
इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी (UK06BB-4103) भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
इस सफल कार्रवाई में व0उ0नि0 रोहताश सिंह सागर, उ0नि0 मनमोहन सिंह रौतेला, हेड कांस्टेबल इसरार नवी (टेक्निकल टीम), कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, धीरेन्द्र सिंह अधिकारी, अनिल टम्टा और राजेन्द्र विष्ट सहित पूरी पुलिस टीम शामिल रही।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Subscribe Our Channel










