नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर वल्दियाखान क्षेत्र में अचानक चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्थिति का जायजा लिया और मौके से ही जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर तत्काल पेड़ हटाने और यातायात जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचा और पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
आयुक्त दीपक रावत ने सड़क पर फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और जल्द ही मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा। इस दौरान कुछ बाइक और दोपहिया वाहन चालक पेड़ के नीचे और किनारे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें आयुक्त ने स्वयं रोकते हुए जोखिम न लेने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में जल्दबाजी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए यातायात बहाल होने तक सभी लोग संयम रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
गनीमत रही कि पेड़ गिरने की इस घटना में कोई जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। पेड़ हटाने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।



Subscribe Our Channel











