महंगे शौकों के लिए चुराईं 11 बाइक-स्कूटी, जंगल में छिपाकर बेचने की थी तैयारी, शातिर गिरफ्तार

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की रायपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए सुनसान स्थानों से वाहन चुराता था और उन्हें जंगल में छिपाकर हरिद्वार लौट जाता था। बाद में इन वाहनों को जिले से बाहर बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को रायपुर थाना क्षेत्र में अजय कुमार और अनिल कुमार ने अलग-अलग स्थानों से अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए रायपुर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को महाराणा प्रताप चौक के आगे पेट्रोल पंप के पास से आरोपी राकेश डबराल को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने देहरादून के विभिन्न इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए 10 अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए। इस तरह कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद हुए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद वाहनों में से दो वाहन नेहरू कॉलोनी और एक वाहन डालनवाला थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य बरामद वाहनों की पहचान और उनके मालिकों का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।

एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का निवासी है और वर्तमान में कनखल, हरिद्वार में रह रहा था। वह पहले सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेता था। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह चोरी के वाहनों को जंगल में छिपा देता और हरिद्वार लौट जाता था। बाद में इन वाहनों को जिले से बाहर ले जाकर बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि वह किसी वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इन वारदातों को अंजाम देता था। अन्य मामलों में भी उससे पूछताछ जारी है।