उत्तराखंड में मनचलों की निकली सारी हेकड़ी, छात्राओं ने सड़क पर दबोचा; पिटाई के बाद लगाई बिच्छू घास

6
खबर शेयर करें -

नैनीताल। जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने गांव की युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां कीं और उनके साथ गलत व्यवहार किया। विरोध करने पर युवतियों ने साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को बीच सड़क पर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी दोनों की धुनाई की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांव की कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से छात्राओं के साथ छेड़छाड़ तथा अभद्र टिप्पणियां करने लगे। पहले युवतियों ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब अभद्रता बढ़ गई तो उन्होंने दोनों युवकों का विरोध करते हुए उन्हें पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी युवकों की जमकर पिटाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान युवकों का मुंह काला किया गया और उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस युवकों की पहचान, उनके निवास स्थान और गांव में आने के उद्देश्य की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा, “युवतियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि युवक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”