शहादत दिवस पर गूंजा ऊधम सिंह का नाम, सीएम धामी बोले- उनका त्याग हर भारतीय के लिए प्रेरणा

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर अमर शहीद को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अखंड पाठ में प्रतिभाग किया। इसके बाद गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने गुरु साहिब और शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और पवित्रता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को याद किया जाता है, हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने जलियांवाला बाग हत्याकांड को भारतीय इतिहास का बेहद दुखद और काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने इस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का त्याग आज भी देशवासियों के भीतर देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से भी मिलती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं।

सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू समेत कई लोग मौजूद रहे।