उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूल जा रहे तीन छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पहुंची।
मृतक शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। वह पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घायल वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है और उसने उस दिन स्कूल से छुट्टी ली थी। वह अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल टैंकर और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।



Subscribe Our Channel











