उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रामनगर क्षेत्र के बैलपड़ाव इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा गैबुआ के पास फूड क्रिस्टल होटल के नजदीक हुआ, जहां हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सुबह घास लेने के लिए घर से निकली थीं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद उन्हें रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान कमला देवी (55), पत्नी शिवराज सिंह और पुष्पा देवी (55), पत्नी केवलानंद भट्ट, निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है। इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है।
घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन संख्या UK19B8791 को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार गलत दिशा से आ रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



Subscribe Our Channel










