तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में संकेत मिलने के बाद उत्तराखंड में बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
इसी क्रम में रामनगर में बीजेपी विधायक दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि विभिन्न राज्यों में बीजेपी की बढ़ती पकड़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनता का भरोसा लगातार पार्टी के साथ मजबूत हो रहा है।
वहीं पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने भी कहा कि बीजेपी की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण देशभर में पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
जश्न के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-झूमते नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। फिलहाल, मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
गौरतलब है कि इन पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में करीब 25 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया है, जिनके नतीजों का सभी को इंतजार है।



Subscribe Our Channel










