हल्द्वानी। महिला की मौत के मामले के बाद हल्द्वानी में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने बिना अनुमति या जरूरी दस्तावेजों के संचालित हो रहे क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने पर तीन क्लीनिकों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ रजत भट्ट, बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। टीम ने क्लीनिकों में पहुंचकर संचालकों से पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे। जांच के दौरान संबंधित संचालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तीनों क्लीनिकों को सील करने की कार्रवाई की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना जरूरी दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें प्रशासन को मिली थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान जिन क्लीनिकों के संचालक पंजीकरण और अन्य अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्लीनिक संचालकों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकरण कराना और आवश्यक लाइसेंस व दस्तावेज रखना अनिवार्य है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना जरूरी अनुमति और दस्तावेजों के संचालित हो रहे क्लीनिक संचालकों में हड़कंप है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमें आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।




Subscribe Our Channel











