शादी से एक दिन पहले दूल्हा फरार! बारात का इंतजार करता रहा दुल्हन पक्ष, बंद मिला मोबाइल

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रुद्रपुर में शादी से ठीक पहले दूल्हे के लापता होने का मामला सामने आया है। बरेली में दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत के लिए तैयार बैठा रहा, लेकिन निर्धारित समय पर बारात नहीं पहुंची। बाद में पता चला कि दूल्हा बुधवार रात से ही गायब है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। इस घटना से नाराज दुल्हन पक्ष ने देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग उठाई।

बताया जा रहा है कि प्रीत विहार निवासी युवक का विवाह बरेली की एक युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों की शादी होनी थी। दोनों परिवारों में विवाह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दुल्हन पक्ष ने बारात के स्वागत की व्यवस्था भी कर ली थी, लेकिन शादी से एक दिन पहले बुधवार रात युवक अचानक लापता हो गया।

परिजनों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आने लगा। गुरुवार को जब बारात नहीं पहुंची तो युवती पक्ष ने जानकारी जुटाई। दूल्हे के गायब होने की खबर मिलते ही परिवार में नाराजगी फैल गई।

इसके बाद युवती पक्ष के लोग देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे और एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात की। पुलिस ने दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। युवती पक्ष का आरोप था कि शादी की पूरी तैयारी करने के बाद ऐन मौके पर दूल्हे के गायब होने से उन्हें समाज में अपमानित होना पड़ा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।