जू का नया स्टार बना सफेद बाघ ‘तेजस’, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण

14
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नए बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के दीदार के लिए समर्पित किया। सफेद बाघ के आने से अब चिड़ियाघर में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को एक नया आकर्षण देखने को मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे चिड़ियाघर की पहचान और आकर्षण बढ़ने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दूसरी प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह रहा है।

उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि लोगों को वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वन संपदा, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। बच्चों के लिए पहले से ही निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस पहल से छात्र-छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता से जुड़ी जानकारियां प्रत्यक्ष रूप से हासिल करने का मौका मिलेगा। साथ ही युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित कर विकास की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वनाच्छादित राज्यों में शामिल है। यहां की वन संपदा और जैव विविधता अनमोल प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा और नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र अहम भूमिका निभा रहे हैं।