भाजपा ने कर दिया बड़ा खेलः एक साथ कई जनप्रतिनिधियों ने थामा कमल का दामन

12
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव से पहले दलों में जोड़तोड़ और दलबदल का सिलसिला भी गति पकड़ रहा है। इसी कड़ी में टिहरी जिले में भाजपा ने अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाते हुए जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार समेत कई जनप्रतिनिधियों को पार्टी में शामिल कराया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भाजपा के हो गए हैं।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पार्टी में शामिल होने वालों में जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार के अलावा कनिष्ठ प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष, सात क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधान शामिल रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी का पटका और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।

इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भट्ट ने कहा कि प्रदेश में विकास की सरकार को तीसरी बार सत्ता में लाने के लिए जनता के बीच माहौल बन रहा है। इसी जनसमर्थन के चलते विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि भाजपा का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है, जहां पोस्टर लगाने और पर्चे बांटने वाला सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुखों का भाजपा से जुड़ना संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।