उत्तराखंड के रुड़की में पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान महिला पुलिसकर्मी पकड़ी गई महिला की पीठ पर डंडा मारती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और हिरासत में लिए गए लोगों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। इस दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं और ग्राहकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के बीच एक महिला पुलिसकर्मी ने पकड़ी गई महिला की पीठ पर डंडा मार दिया। अचानक डंडा लगने से महिला दर्द से कराह उठी और आगे बढ़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस घटना को लेकर अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस की छापेमारी की खबर फैलते ही होटल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। रोडवेज बस अड्डे के सामने काफी देर तक पुलिस कार्रवाई को लेकर गहमागहमी बनी रही। इस दौरान किसी ने महिला पुलिसकर्मी की इस हरकत का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले में सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी की थी। वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




Subscribe Our Channel











