मुक्तेश्वर से 658 किमी की रोमांचक रेस का आगाज, 10 जिलों से गुजरेंगे देश-विदेश के साइकिलिस्ट

6
खबर शेयर करें -

मुक्तेश्वर/नैनीताल। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेलों का आयोजन होना गर्व की बात है। इससे उत्तराखंड की पहचान पर्यटन और साहसिक खेलों के क्षेत्र में और मजबूत होगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर से इस प्रतियोगिता की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि धीराज सिंह गर्ब्याल ने पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक साथ जोड़कर विकास को गति दे रही है। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार साबित होंगे।

उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर से शुरू हुई यह साइकिल रेस प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी। प्रतिभागी करीब 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित एफसीआई के पदाधिकारी मौजूद रहे।