उत्तराखंड स्थित चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने की दिशा में बदरीनाथ धाम में बन रहा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल अब जल्द तैयार होने वाला है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चार मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल को सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के तौर पर विकसित किया जा रहा है, जहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी सुविधाएं होंगी। मरीजों और तीर्थयात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए भवन में लिफ्ट भी लगाई गई है। अस्पताल के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण पहुंच चुके हैं और उनकी स्थापना का काम अंतिम चरण में है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक भवन का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि निर्माण के साथ मशीनों की स्थापना और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर अस्पताल को जल्द जनता के लिए शुरू किया जा सके।
इस बीच अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित होने की बात सामने आई है। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं। अस्पताल का उद्घाटन भी इसी दौरान किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
सीएमओ डॉ. राजीव पाल ने बताया कि संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अस्पताल का निर्माण और उपकरणों की स्थापना तेजी से कराई जा रही है। जल्द ही अस्पताल का संचालन शुरू करने की तैयारी है।
बदरीनाथ धाम उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां यात्रा के दौरान कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता है। आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को धाम में ही बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।



Subscribe Our Channel











