उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पर्वतीय इलाकों में तेज गर्जन, बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है।
वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 7 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।



Subscribe Our Channel











