हल्द्वानीः बेलबाबा जंगल में फैली सनसनी, बाघ के हमले की अफवाह ने दौड़ाए ग्रामीण

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। बेलबाबा मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में रविवार को बाघ द्वारा एक युवक को उठा ले जाने की खबर फैलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि मौके पर पहुंचकर जांच करने पर बाघ के हमले जैसी कोई घटना सामने नहीं आई और सूचना महज अफवाह निकली।

जानकारी के अनुसार, गुमशुदा शिवशंकर गोस्वामी की तलाश में उनके परिजन और परिचित जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे। शिवशंकर की पत्नी प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि उनके पति कई दिनों से लापता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, कुछ परिचितों ने जंगल क्षेत्र में चावल बिखरे होने की बात बताई थी, जिससे आशंका जताई गई कि शिवशंकर वहां हो सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते बाघ के हमले की अफवाह फैल गई।

उधर, हल्द्वानी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी (आरओ) ने स्पष्ट किया कि बेलबाबा क्षेत्र में बाघ द्वारा किसी युवक पर हमला किए जाने की सूचना पूरी तरह निराधार है। उन्होंने लोगों से अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करने और किसी भी सूचना की पहले पुष्टि करने की अपील की है। वहीं गुमशुदा युवक की तलाश जारी है।