हल्द्वानी। वीकेंड और गांधी जयंती के अवकाश के चलते कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर की रात तक प्रभावी रहेगी। पुलिस ने जाम से बचने के लिए अलग-अलग मार्गों पर वाहनों के डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है।
बाहरी जिलों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति दी जाएगी। अन्य भारी वाहनों को सैनेटोरियम तिराहा, भवाली पर रोककर यातायात की स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों को रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से भी निकाला जाएगा।
गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा और दर्शन के बाद वापस लाया जाएगा।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के आधार पर रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है। वहीं पहाड़ों से आने वाले चारपहिया वाहनों को यातायात दबाव बढ़ने पर क्वारब-रामगढ़-नथुवाखान बाईपास मोटर मार्ग से निकाला जाएगा।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया टैक्सी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग और शटल सेवा का इस्तेमाल करें, ताकि क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने।
पुलिस ने एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए विशेष कॉरिडोर की व्यवस्था की है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए इन वाहनों को प्राथमिकता के साथ रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।



Subscribe Our Channel











