शर्मनाक हरकत! बाथरूम में नहाती युवती का वीडियो बनाने की कोशिश, फिर मचा बवाल

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक पर नहाते समय आपत्तिजनक तरीके से वीडियो बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया और बाद में महिला संगठनों के हस्तक्षेप से मामला और गरमा गया।

जानकारी के अनुसार, 28 जून को युवती अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी, तभी पास में किराए पर रहने वाला एक युवक कथित तौर पर मोबाइल फोन से उसकी वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान युवती की नजर उस पर पड़ गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही युवक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवती से जानकारी ली। पीड़िता के भाई की शिकायत के अनुसार, युवती ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक मोबाइल फोन लेकर संदिग्ध तरीके से उसकी ओर देख रहा था और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था।

सूचना मिलने पर हिंदू संगठन की महिला कार्यकर्ता मौके पर पहुंचीं और आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला।

पीड़िता के भाई की शिकायत के आधार पर पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी महिला उपनिरीक्षक तनुजा शर्मा को सौंपी गई है।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।