सड़क पर पत्थर, चारों ओर अफरा-तफरीः हल्द्वानी के मुखानी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के मुखानी रोड पर शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिससे करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा और राहगीरों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 20 से अधिक युवक आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पत्थर बरसाने लगे। अचानक शुरू हुए पथराव से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए दुकानों और घरों के अंदर शरण ली।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुखानी क्षेत्र में मारपीट, झगड़े और असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त न होने से उपद्रवियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मुखानी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं।