खड़गे की रैली से पहले हल्द्वानी में ट्रैफिक अलर्ट, कई रूटों पर बदली व्यवस्था; जानिए कहां पार्क होंगे वाहन

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां रामलीला मैदान में उनकी जनसभा प्रस्तावित है। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है।

जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस की ओर से जारी योजना के अनुसार रामपुर रोड से आने वाले वाहनों को एचएन इंटर कॉलेज में पार्क कराया जाएगा। बरेली रोड से आने वाले वाहनों के लिए लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव को पार्किंग स्थल बनाया गया है।

खटीमा और सितारगंज की ओर से आने वाले वाहन गोलापार स्थित आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क के बाईं ओर खड़े किए जाएंगे। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए ठंडी सड़क (नहर मार्ग) और खालसा इंटर कॉलेज मैदान को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।

इसके अलावा कालाढूंगी और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहे से होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में पार्क कराया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इससे जनसभा के दौरान शहर में यातायात सुचारु बना रहेगा।