इंसानियत शर्मसार: 15 साल की किशोरी से गैंगरेप, फरार दरिंदे आखिर गिरफ्तार

9
खबर शेयर करें -

हरिद्वार। लक्सर के खानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि दोनों आरोपी घटना के बाद लगातार अपने ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को कुछ युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दो अन्य आरोपी फरार थे।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश सीमा के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने खुशीपुरा क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रासिम (21 वर्ष) और रिहान (18 वर्ष), निवासी जोग्गावाला, खानपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि इस मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी सहित दो सिपाहियों को निलंबित किया था।