पहाड़ के किसानों की बदलेगी तकदीर! सीएम धामी ने शुरू की बड़ी योजना

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रदेश के पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और मत्स्य पालकों के साथ संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभाव पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री गोकुल एंब्रियो ट्रांसफर योजना” के तहत विशेष वाहन और “मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना” के अंतर्गत रेफ्रिजरेटेड वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में शामिल लाभार्थियों ने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं से उन्हें अपने व्यवसाय को बढ़ाने और आय में सुधार करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन से जुड़े कार्यों में अब बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके सकारात्मक परिणाम जमीन पर भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 से सरकार ने कई नीतियों और योजनाओं के जरिए किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और मत्स्य पालकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्राउट फिशिंग को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अब तेजी से विकसित हो रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य मुख्यमंत्री और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था, ताकि योजनाओं के प्रभाव को समझा जा सके। उन्होंने बताया कि नवंबर 2023 में शुरू की गई “गोट वैली योजना” के तहत अब तक 5,827 लाभार्थियों को जोड़ा जा चुका है और 90 हजार से अधिक बकरियों का वितरण किया गया है।