टायर फटने से ट्रक में घुसी कार, टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी की दर्दनाक मौत

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे व्यवसायी की कार का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किच्छा के वार्ड नंबर-2 स्थित आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा, पुत्र केशव शर्मा, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची, अचानक कार का अगला टायर फट गया। टायर फटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर में मोहित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोहित शर्मा किच्छा में टूर एंड ट्रेवल का व्यवसाय करते थे और अपने मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में अच्छी पहचान रखते थे। उनके परिवार में पत्नी नैना शर्मा, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बिगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का अगला टायर फटना प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।