उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। कार सवारों के घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिलने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बरसाती खाले में पानी का बहाव कितना तेज रहा होगा।
जानकारी के अनुसार, देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास RJ 13 CE 5641 नंबर की क्रेटा कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डाकपत्थर टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचते ही एसडीआरएफ जवानों ने प्रतिकूल मौसम और तेज बहाव के बीच सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। रात के अंधेरे और लगातार तेज बारिश के बीच एसडीआरएफ ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की।
सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया गया। एसडीआरएफ टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम ने कार सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
भारी बारिश और बरसाती खाले में तेज पानी के बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ जवानों ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पूरी रात लगातार सर्चिंग और रेस्क्यू अभियान चलाया। घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर तक तलाश करने के बाद कार सवारों का पता लगाया जा सका।
एसडीआरएफ के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क के रपटे पर बरसाती पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान कार बहकर बरसाती खाले में चली गई और करीब दो किलोमीटर दूर तक बह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवती घायल हुई है।
हादसे की भयावहता के बीच एक राहत की बात यह रही कि कार के तेज बहाव में करीब दो किलोमीटर तक बह जाने के बावजूद एक युवती की जान बच गई। एसडीआरएफ ने उसे घायल अवस्था में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इतनी दूरी तक बहने के बाद युवती का जीवित मिलना लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।



Subscribe Our Channel










