केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सनसनी: गौरीकुंड में नदी किनारे मिला अज्ञात शव

12
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ यात्रा मार्ग के गौरीकुंड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। नदी किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कठिन परिस्थितियों के बीच शव को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 5:30 बजे गौरीकुंड छोटी पार्किंग के पास तैनात एक घोड़ा संचालक ने नदी किनारे एक व्यक्ति का शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली सोनप्रयाग को अवगत कराया गया, जिसके बाद एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग की टीम निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।

टीम ने पाया कि शव नदी किनारे दुर्गम और जोखिमपूर्ण स्थान पर पड़ा हुआ था। सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए एसडीआरएफ ने स्ट्रेचर की मदद से शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। शव की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

गौरतलब है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में गौरीकुंड क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की घटना से प्रशासन सतर्क हो गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।