उत्तराखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश से मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन करने आई एक नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में एक अविकसित शिशु को जन्म दिया। यह घटना सोमवार रात से मंगलवार सुबह के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच संबंधित राज्य के थाने को भेज दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की 15 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों के साथ पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए आई थी। यात्रा के दौरान लौटते समय उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद परिजन उसे टनकपुर उपजिला चिकित्सालय ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में किशोरी ने लगभग छह महीने के अविकसित शिशु को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए डीएनए जांच के लिए नमूने सुरक्षित कर लिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को क्षेत्राधिकार के अनुसार पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के संबंधित थाने को स्थानांतरित कर दिया।
टनकपुर पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











