महिला की गोली मारकर हत्या! पति ने खुद पुलिस को दी सूचना, फिर मोबाइल किया बंद

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात के बाद मृतका के पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल की जानकारी के आधार पर मौके की तलाश शुरू की। एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से एक महिला मृत अवस्था में बरामद हुई। उसकी पहचान काजल पंवार के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया है। सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि काजल और उसके पति धीरज के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस प्रथमदृष्टया हत्या के पीछे आपसी विवाद को कारण मानकर जांच कर रही है।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।