उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत गढ़वाल मंडल में 39 पुलिस निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। तबादला सूची में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के निरीक्षक शामिल हैं।
यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग के उस मानक के तहत की गई है, जिसमें एक ही जिले में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक तैनात अधिकारियों को दूसरे जिले में स्थानांतरित किया जाना है। आदेश के अनुसार, वर्तमान तैनाती वाले जिले में चार वर्ष की अवधि के दौरान तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके निरीक्षकों को नए जनपदों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
तबादला सूची में सबसे अधिक बदलाव देहरादून और हरिद्वार में देखने को मिले हैं। हरिद्वार से राम किशोर सकलानी को रुद्रप्रयाग, नरेंद्र सिंह बिष्ट को चमोली, मनीष उपाध्याय को टिहरी, मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह और वीरेंद्र चंद्र रमोला को देहरादून भेजा गया है। वहीं दिग्पाल कोहली और देवेंद्र सिंह रावत को उत्तरकाशी, गोविंद कुमार को रुद्रप्रयाग तथा प्रदीप बिष्ट को टिहरी स्थानांतरित किया गया है।
देहरादून से संपूर्णानंद गैरोला, अरविंद कुमार और गजेंद्र बहुगुणा को पौड़ी, वीरेंद्र सिंह नेगी और खुशीराम पांडे को उत्तरकाशी, गिरीश चंद्र शर्मा को रुद्रप्रयाग, देवेंद्र सिंह चौहान और प्रदीप कुमार राणा को टिहरी भेजा गया है। इसके अलावा कैलाश चंद्र भट्ट, पंकज देव रानी, राजेंद्र सिंह खलिया और प्रदीप सिंह रावत को हरिद्वार तथा हरिओम राज चौहान और कुलदीप रावत को चमोली में नई तैनाती दी गई है।
अन्य जिलों से भी निरीक्षकों के स्थानांतरण किए गए हैं। उत्तरकाशी से बसंत पांडेय को टिहरी और मनोज असवाल को हरिद्वार भेजा गया है। चमोली से नरेंद्र सिंह को टिहरी और राकेश चंद्र भट्ट को हरिद्वार स्थानांतरित किया गया है। टिहरी से संजय मिश्रा और अजय कुमार जाटव को हरिद्वार, देवराज शर्मा को चमोली तथा प्रवीन्द्र सिंह रावत और प्रताप सिंह को रुद्रप्रयाग भेजा गया है।
इसी क्रम में रुद्रप्रयाग से सुरेश चन्द्र बलूनी को देहरादून और मनोज कुमार नेगी को उत्तरकाशी भेजा गया है। पौड़ी से सुधीर कुमार को चमोली, मोहम्मद अकरम अंसारी को उत्तरकाशी और नन्द किशोर भट्ट को हरिद्वार में नई तैनाती मिली है।
चुनाव से पहले पुलिस महकमे में इस फेरबदल को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य स्तरों पर भी तबादलों की संभावना बनी हुई है।




Subscribe Our Channel










