उत्तराखंड से निकले 28 ‘जंगल के प्रहरी’, 12 महिला अफसरों ने भी संभाली वन सेवा की कमान

9
खबर शेयर करें -

देहरादून। केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, देहरादून में आयोजित 38वें राज्य वन सेवा प्रशिक्षण कार्यक्रम के 2024-2026 बैच का प्रशिक्षण गुरुवार को पूरा हो गया। प्रशिक्षण के समापन के साथ ही देश को राज्य वन सेवा के 28 नए अधिकारी मिले हैं। इस अवसर पर वन अनुसंधान संस्थान के सभागार में भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।

इस बैच में चार राज्यों के अधिकारी शामिल रहे। इनमें छत्तीसगढ़ के 4, कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के 6 और उत्तर प्रदेश का 1 अधिकारी शामिल है। खास बात यह है कि 28 अधिकारियों में 12 महिला अधिकारी भी हैं।

दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, नई दिल्ली के अध्यक्ष एवं भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी वीरेन्द्र आर. तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में अन्य अतिथियों ने भी हिस्सा लिया और प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को वन प्रबंधन और वन सेवा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम पूरा करने के बाद ये अधिकारी अपने-अपने राज्यों में वन विभाग की जिम्मेदारियां संभालेंगे।

दीक्षांत समारोह के दौरान अधिकारियों के प्रशिक्षण की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया और उनसे वन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने की अपेक्षा की गई। इसके साथ ही 38वें राज्य वन सेवा प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक समापन हो गया।