हल्द्वानी। गोरापड़ाव के मंडी चौकी क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक ऑफिस में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। देर रात हुई इस घटना में करीब 10 से 12 बदमाशों ने बंदूक के बल पर ऑफिस में मौजूद लोगों को डराया और लाखों रुपये की नकदी समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, बदमाश हथियारों से लैस होकर ऑफिस में दाखिल हुए और वहां मौजूद लोगों को धमकाते हुए लूटपाट की। बदमाश करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के क्षेत्रों के साथ ही जिले की सीमाओं और बॉर्डर इलाकों में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि जिस ऑफिस में लूट हुई, वहां किसी अन्य तरह की गतिविधि भी संचालित होती थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है और ऑफिस से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि घटना बीती देर रात की है और बदमाशों ने बंदूक के बल पर लूट को अंजाम दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
फिलहाल पुलिस बदमाशों की संख्या, उनके पास मौजूद हथियार, वारदात में इस्तेमाल वाहनों और लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आएंगे।



Subscribe Our Channel











