उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ स्थित सिलक्यारा सुरंग में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुरंग के अंदर काम कर रहे एक मजदूर की पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 15 जुलाई की देर रात करीब 12:20 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मजदूर सुरंग के भीतर काम कर रहा था, तभी अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन ने घायल मजदूर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बचाने के प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक मजदूर झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे की सूचना के बाद सुरंग में काम कर रहे अन्य मजदूरों में भी भय का माहौल बन गया। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



Subscribe Our Channel











