नैनीताल में 14 जगह एक साथ मचा हड़कंप! कहीं भूकंप तो कहीं आग और भगदड़ के बीच दौड़ीं बचाव टीमें

10
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: आपदा की स्थिति में प्रशासन और बचाव एजेंसियां कितनी तत्परता से काम करती हैं और विभिन्न विभागों के बीच कितना बेहतर तालमेल है, इसे परखने के लिए शनिवार को नैनीताल जिले में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिले के 14 स्थानों पर एक साथ आपदा के अलग-अलग काल्पनिक दृश्य तैयार किए गए। कहीं भूकंप से इमारतों को नुकसान पहुंचने की स्थिति दिखाई गई तो कहीं आग, सुरंग में चट्टान गिरने और रासायनिक रिसाव जैसी आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

हल्द्वानी में वॉक-वे मॉल और एचएन इंटर कॉलेज में भूकंप के बाद लोगों के फंसने और अफरा-तफरी का दृश्य तैयार किया गया। इस दौरान बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। वहीं एमबी इंटर कॉलेज में राहत शिविर बनाकर आपदा प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, उनके ठहरने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

जिले के अन्य स्थानों पर भी अलग-अलग तरह की आपात परिस्थितियां बनाकर बचाव अभियान संचालित किए गए। इनमें शॉर्ट सर्किट से आग लगना, बड़े अग्निकांड, सुरंग में चट्टान टूटना, जलभराव, जहरीले रासायनिक पदार्थों का रिसाव और भगदड़ जैसी घटनाएं शामिल रहीं। संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तर पर गठित इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) की टीमों ने इन अभियानों की कमान संभाली।

मॉक ड्रिल में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। टीमों ने घटनास्थल से घायलों को निकालने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया। साथ ही आपदा के दौरान जरूरी उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता भी जांची गई।

अभ्यास को प्रभावी बनाने के लिए सभी स्थानों पर चल रहे बचाव अभियानों की मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई। इससे अधिकारी एक साथ विभिन्न स्थानों पर हो रही गतिविधियों पर नजर रख सके। मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रशासन ने आपात स्थिति में विभागीय समन्वय, त्वरित कार्रवाई और राहत-बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखा, ताकि वास्तविक आपदा के समय जनहानि को कम किया जा सके।