चुनाव से पहले परिवहन विभाग में बड़ा धमाका, 75 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले

13
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2027 से पहले परिवहन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चुनावी तैयारियों के मद्देनजर शासन ने लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे और गृह जिलों में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को बदलने के आदेश जारी किए हैं। इस प्रक्रिया में आरटीओ और एआरटीओ स्तर के अधिकारियों से लेकर निरीक्षकों व उप निरीक्षकों तक कुल 75 कार्मिकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

तबादला सूची में अल्मोड़ा की आरटीओ अनिता चंद को सहायक परिवहन आयुक्त मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। पौड़ी में तैनात द्वारिका प्रसाद को अल्मोड़ा भेजा गया है, जबकि अल्मोड़ा में कार्यरत नंद किशोर को आरटीओ (प्रशासन) पौड़ी बनाया गया है।

एआरटीओ स्तर पर भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मनीष तिवारी को काशीपुर, संदीप वर्मा को विकासनगर, विपिन कुमार सिंह को ऋषिकेश, रावत सिंह को हल्द्वानी, अशीत कुमार झा को टनकपुर, मनोज बगोरिया को अल्मोड़ा, आशीष भटगाई को विकासनगर, धर्मेंद्र सिंह बिष्ट को कोटद्वार और निखिलेश ओझा को कर्णप्रयाग भेजा गया है।

इसके अलावा परिवहन मुख्यालय ने भी विभागीय स्तर पर तबादले किए हैं। इनमें 33 परिवहन कर अधिकारी, नौ संभागीय निरीक्षक और 21 उप निरीक्षक शामिल हैं। चुनाव से पहले हुए इस बदलाव के जरिए विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कार्मिकों को नई जगह जिम्मेदारी दी गई है।