उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा ऐलान, UKPSC ने खोला 11 भर्तियों का रास्ता

14
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने 11 भर्ती परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत नवंबर 2026 से लेकर जुलाई 2027 तक विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षाओं की तिथियों और उनसे संबंधित विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।

जारी कैलेंडर के अनुसार, सबसे पहले 29 नवंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद 6 दिसंबर को माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 के अंतर्गत कला विषय की मुख्य परीक्षा होगी। वहीं, 27 दिसंबर को उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है।

नए साल में 6 जनवरी 2027 को नैनीताल हाईकोर्ट के अधिष्ठान अनुभाग के लिए वैयक्तिक सहायक-2025 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 की गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा होगी। 25 अप्रैल को शहरी विकास विभाग के लिए कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित परीक्षा प्रस्तावित है।

मई में भी भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला जारी रहेगा। 1 और 2 मई को पशुपालन विभाग के पशु चिकित्साधिकारी पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, 8 से 14 मई तक ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा समेत विभिन्न विभागों के लिए सहायक अभियंता (सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी) की मुख्य परीक्षा होगी।

इसके अलावा 30 मई को उत्तराखंड सचिवालय और लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग एवं प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। 6 जून को सचिवालय प्रशासन के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) और सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) की परीक्षा प्रस्तावित है। वहीं, 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के लिए कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। प्रशासनिक कारणों अथवा अन्य परिस्थितियों के चलते इनमें बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।