अपडेट- एक ही गांव के 8 लोगों की मौत से मचा कोहराम, 7 महिलाओं की उजड़ गई जिंदगी

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मृतकों में वाहन चालक सहित सात महिलाएं शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक का काम निपटाकर ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के भंगलवाण गांव की महिलाएं बैंक संबंधी कार्य से सिद्धखाल गई थीं। वापसी के दौरान कलवाड़ी के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासन की टीमें भी पहुंचीं। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से बचाव दल बुलाए गए। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया।

हादसे में कांती देवी (45), रेखा देवी (42), चालक अनिल देवराड़ा (48), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38) और रजनी देवी (25) की मौत हो गई। वहीं शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) घायल हुए हैं। सभी भंगलवाण गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी की जा रही है। एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है और भंगलवाण गांव में मातम पसरा हुआ है।