चार साल से बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई, अब अंकिता की मां को जान से मारने की धमकी!

4
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब उनकी मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सोनी देवी ने आरोप लगाया है कि उन्हें सरकार के खिलाफ बोलने पर पूरे परिवार को गायब करने की धमकी दी गई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने देहरादून एसएसपी को तत्काल जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

वायरल वीडियो में सोनी देवी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहती नजर आ रही हैं कि उन्हें धमकी दी गई है कि यदि उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ कहा तो उनके परिवार का पता तक नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि वह पिछले चार साल से अपनी बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन इस दौरान कुछ लोग अंकिता के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी राजीव स्वरूप ने एसएसपी देहरादून को सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क कर शिकायत प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।