उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। मां के पार्थिव शरीर को कंधा देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए। अंतिम दर्शन के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे।
पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव से सुबह 8:50 बजे शुरू हुई अंतिम यात्रा करीब 11:40 बजे हरिद्वार के चंडी घाट श्मशान घाट पहुंची। यहां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई हैं। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मंत्री, सांसद, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और साधु-संत शामिल होने पहुंचे।
गौरतलब है कि 89 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव पहुंचे थे। उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए और रातभर पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान वह काफी भावुक दिखाई दिए।
अंतिम यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भी शामिल रहे। हरिद्वार के चंडी घाट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
वहीं, अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियों और साधु-संतों के पहुंचने को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने चंडी घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाट पर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का पहुंचना जारी रहा।




Subscribe Our Channel









