स्पा सेंटर में पति की तलाश बनी मुसीबत, गर्भवती महिला को घेरकर पीटा; जान से मारने की धमकी!

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने पहुंची गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्पा सेंटर से बाहर निकलते समय एक महिला और पुरुष ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान आरोपितों ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर का स्प्रे कर दिया और उसे जबरन खींचकर स्पा सेंटर के अंदर ले जाने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नेहा नाम की महिला समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खुडबुड़ा निवासी पीड़िता साइमा ने पटेलनगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह मंडी चौक स्थित अमेनज़ स्पा सेंटर में अपने पति के बारे में जानकारी लेने गई थी। आरोप है कि स्पा सेंटर के कर्मचारियों ने उसे पति के संबंध में जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब वह वापस लौटने लगी तो पार्किंग गेट पर एक काले रंग की कार आकर रुकी। कार से एक महिला और पुरुष उतरे और उन्होंने पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर का स्प्रे किया और जबरन खींचकर स्पा सेंटर के अंदर ले जाने लगे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नेहा को नामजद करते हुए अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।