उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा सियासी धमाका: तीन दिग्गज नेता छह साल के लिए बाहर

7
#existence of Uttarakhand Congress in Parliament
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर तीन नेताओं को छह साल के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन) राजेन्द्र सिंह भंडारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पिथौरागढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी और दीपक लुंठी को यह कार्रवाई झेलनी पड़ी है।

भंडारी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 30 जून 2026 को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में एक कार्यक्रम हुआ था। आरोप है कि उक्त तीनों नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम के दौरान मंच पर व्यवधान पैदा किया और आयोजन में बाधा डाली, जिसे पार्टी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना।

मामले के बाद तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया था। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई। रिपोर्ट और जवाबों के आधार पर, राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया।

प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी विरोधी गतिविधियों या अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।