रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी राहत, उत्तराखंड रोडवेज की बसों में 2 दिन निशुल्क यात्रा

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की महिलाओं को रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  बड़ी सौगात दी है। प्रदेश की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उत्तराखंड शासन ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश के भीतर निगम की बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से उन्हें सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ ही उन्हें आर्थिक राहत पहुंचाना है।

अपर सचिव शासन रीना जोशी की ओर से जारी शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर आने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।