हल्द्वानी में खूनी विवादः वन विभाग के कर्मचारी की निर्मम हत्या

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के टांडा रेंज क्षेत्र में तैनात एक फॉरेस्ट वाचर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद निवासी मेवाराम (50) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मेवाराम वन विभाग में फॉरेस्ट वाचर के पद पर कार्यरत थे और टांडा रेंज क्षेत्र में तैनात थे। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे वह अपने एक साथी के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए साथी ने पास में रखी कुल्हाड़ी से मेवाराम की गर्दन पर हमला कर दिया।

हमला बेहद गंभीर था, जिससे मेवाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।