उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह में मुख्यमंत्री ने नन्ही श्रद्धालु को अपनी गोद में उठाकर दुलार किया और उसके साथ कुछ पल बिताए। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आया।
देवभूमि सांस्कृतिक समारोह का आयोजन भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। दो दिवसीय महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई है। आयोजन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
महोत्सव में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कलाकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों ने भी प्रतिभाग किया। समारोह के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, कला और उद्यमिता को मंच प्रदान किया जा रहा है।
इस दौरान बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था भी मुस्तैद रही।



Subscribe Our Channel










