अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरा उत्तराखंड योगमय हो उठा। पहाड़ से मैदान और चारधाम से लेकर सीमांत क्षेत्रों तक लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया, जबकि राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन हुआ। इस दौरान योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
हरिद्वार स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में योग उत्सव का आयोजन किया गया, जहां योगाभ्यास के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण जोड़ा।
वहीं, आस्था के प्रमुख केंद्र देवप्रयाग संगम तट पर इस बार योग दिवस फीका नजर आया। जहां पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहते थे, वहीं इस बार कार्यक्रम एनसीसी के नौ कैडेटों और एक प्रशिक्षक तक सीमित दिखाई दिया।
औली में आईटीबीपी के जवानों ने 13,780 फीट की ऊंचाई पर बर्फीली चोटियों के बीच योगाभ्यास कर साहस और अनुशासन का अनूठा उदाहरण पेश किया। कठिन परिस्थितियों में किया गया यह योगाभ्यास आकर्षण का केंद्र रहा।
चमोली के गोपेश्वर पुलिस मैदान में आयोजित योग शिविर का शुभारंभ राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। पौड़ी जिले के रांसी स्थित शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की मौजूदगी में भव्य आयोजन हुआ।
ऋषिकेश और नीलकंठ क्षेत्र में भी योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। योग स्वामी रामदास के मार्गदर्शन में 10 देशों से आए विदेशी मेहमानों ने चरनपादुका बेस पर योगाभ्यास किया। वहीं, योग नगरी ऋषिकेश के विभिन्न स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गंगोत्री धाम में शिवानंद आश्रम द्वारा आयोजित योग शिविर में पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, पीएसी और तीर्थयात्रियों ने भाग लिया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नैनीताल जिले में भी योग दिवस की व्यापक धूम रही। नैनीताल, हल्द्वानी और भीमताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। नैनीताल के फ्लैट मैदान में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल और विधायक सरिता आर्या सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” को सार्थक बताते हुए उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।



Subscribe Our Channel











