उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हादसों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह बारिश के बाद पहाड़ी से खिसका भारी मलबा एक मकान में जा घुसा। मलबे की चपेट में आने से घर में मौजूद एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
हादसा हवालबाग विकासखंड की उडयूडा ग्राम पंचायत में हुआ। बताया गया कि सुबह बारिश के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी मलबा खिसककर नीचे स्थित आवासीय मकान में घुस गया। मलबे की चपेट में आने से घर के अंदर मौजूद तीन लोग दब गए। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी, जिसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और जिला आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
रेस्क्यू टीमों ने तत्काल मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (41), पत्नी राजेंद्र राम, उनके पुत्र मनीष (17) और पुत्री कल्पना (19) के रूप में हुई है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उडयूडा में बारिश के बाद मकान में मलबा घुसने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए हैं।
हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
भारी बारिश के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों में पहाड़ी से लगातार हो रहे मलबे के खतरे को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।



Subscribe Our Channel










