हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ कथित शुद्धिकरण विवाद मंगलवार को फिर गरमा गया। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बीच बहुउद्देशीय भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का आरोप है कि खरगे के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण के जरिए दलित समाज का अपमान किया गया। 31 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तहरीर लेकर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया था। कांग्रेस ने मंगलवार सुबह 11 बजे तक कार्रवाई की समय सीमा तय की थी।
समय सीमा पूरी होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दोबारा पुलिस कार्यालय पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी और कुछ समय के लिए बहुउद्देशीय भवन व कोतवाली के गेट बंद कर दिए।
इस दौरान स्थानीय पत्रकारों के प्रवेश को लेकर भी विवाद हुआ। पत्रकारों के विरोध के बाद पुलिस ने उन्हें भवन में प्रवेश की अनुमति दी।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि दो दिन में एफआईआर दर्ज नहीं होने पर आगे आंदोलन किया जाएगा। वहीं, एसएसपी ने कहा कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और संवेदनशील मामले का परीक्षण किया जा रहा है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











